नई दिल्ली
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो साझा करने वाली इन्फ्लुएंसर सुविज्ञा शर्मा ने दावा किया था कि अनंत अंबानी, शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कह रहे थे। इसके बाद सुविज्ञा ने यह भी दावा किया कि शाहरुख खान ने उन्हें इस बयान को लेकर कानूनी नोटिस भेजा है। हालांकि, शाहरुख की कानूनी टीम ने इस दावे को खारिज कर दिया है।
शाहरुख खान की कानूनी टीम का कहना है कि अभिनेता की ओर से सुविज्ञा शर्मा को कोई कानूनी नोटिस नहीं भेजा गया है। साथ ही, शाहरुख ने इस मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश नहीं दिया है।
शाहरुख खान की अधिकृत कानूनी फर्म हिरानी एंड एसोसिएट्स ने गुरुवार, 26 नवंबर को इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर इस मामले में स्थिति स्पष्ट की। इससे पहले 23 नवंबर, 2026 की कथित कानूनी नोटिस का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कुछ मीडिया संस्थानों ने भी इस दावे को लेकर खबरें प्रकाशित की थीं।
दरअसल, विवादित वीडियो में अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के बीच बातचीत के अलावा शाहरुख खान और अनंत अंबानी की बातचीत भी दिखाई गई थी। वीडियो देखने के बाद सुविज्ञा शर्मा ने दावा किया कि अनंत अंबानी ने शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कहा था। उन्होंने इसी दावे के आधार पर वीडियो और अपनी टिप्पणी सोशल मीडिया पर साझा की।
हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बातचीत का ऑडियो उपलब्ध नहीं था। इसके बाद सुविज्ञा शर्मा के दावे को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।
शाहरुख खान की कानूनी फर्म हिरानी एंड एसोसिएट्स ने सुविज्ञा के दावे को झूठा और भ्रामक बताया। फर्म ने स्पष्ट किया कि शाहरुख खान ने किसी वकील या कानूनी फर्म को उनके नाम पर नोटिस भेजने का निर्देश नहीं दिया था। सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित नोटिस भी अभिनेता की ओर से जारी नहीं किया गया था।
इस बीच, शाहरुख खान अपनी आगामी फिल्म 'किंग' की शूटिंग और अन्य तैयारियों में व्यस्त हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह एक्शन फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है।