Controversy erupts over Fawad Khan and Mahira Khan's Netflix series; AICWA demands ban in India
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लोकप्रिय कलाकारों फवाद खान, माहिरा खान और सनम सईद अभिनीत नेटफ्लिक्स की पहली मूल पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ रिलीज होने से पहले ही भारत में विवादों में घिर गई है और फिल्मकर्मियों के संगठन ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (एआईसीडब्ल्यूए) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर इस पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की है।
सीरीज का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चार दिसंबर को इसे भारत में भी रिलीज किया जाएगा या केवल पाकिस्तान और अन्य देशों में।
एआईसीडब्ल्यूए ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और नेटफ्लिक्स इंडिया को भी भेजे गए इस पत्र में पाकिस्तान को एक ऐसा ‘‘आतंकवादी देश’’ करार दिया जो कभी भारत का भला नहीं चाहेगा।
संगठन ने पत्र में कहा, ‘‘पुलवामा हमले के बाद एआईसीडब्ल्यूए ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म उद्योग में काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने भी पाकिस्तानी कलाकारों और सामग्री पर पाबंदियां लगाई थीं।’’
पत्र में कहा गया, ‘‘सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आठ मई 2025 को एक परामर्श जारी कर भारत में सभी ओटीटी (ओवर द टॉप) मंचों, स्ट्रीमिंग सेवाओं और मध्यस्थों से पाकिस्तानी वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल सामग्री का प्रसारण बंद करने को कहा था।’’