क्रिसमस पर बॉक्स ऑफिस की जंग: शाहरुख खान और नागार्जुन आमने-सामने

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
Box office battle at Christmas: Shah Rukh Khan and Nagarjuna face off
Box office battle at Christmas: Shah Rukh Khan and Nagarjuna face off

 

आवाज द वॉयस / माले

साल 2026 के अंत में बॉक्स ऑफिस पर एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी की फिल्में एक ही दिन यानी 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों फिल्मों के नाम भी एक-दूसरे से काफी मिलते-जुलते हैं। ऐसे में इस क्रिसमस पर बॉक्स ऑफिस की जंग और भी दिलचस्प होने वाली है।

शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित गैंगस्टर एक्शन फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। इसकी एक खास वजह यह भी है कि फिल्म के जरिए शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत करेंगी। फिल्म में शाहरुख एक बार फिर दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगे।

लेकिन इसी तारीख को एक और ‘किंग’ सिनेमाघरों में दस्तक देने की तैयारी में है। दक्षिण भारतीय अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी ने अपनी 100वीं फिल्म ‘किंग 100’ की रिलीज की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह फिल्म भी 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। मंगलवार को हुई इस घोषणा ने साल के आखिरी महीने के फिल्मी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

दो किंग, एक रिलीज डेट

हालांकि शाहरुख खान और नागार्जुन की फिल्में अलग-अलग फिल्म उद्योगों से जुड़ी हैं, लेकिन इनके नाम और रिलीज की तारीख एक होने से दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर मीम्स बनने लगे हैं।

शाहरुख खान के प्रशंसक मजाक में कह रहे हैं कि कहीं ऐसा न हो कि दर्शक ‘किंग’ की टिकट बुक करने जाएं और गलती से ‘किंग 100’ की टिकट बुक कर बैठें। मल्टीप्लेक्स में टिकट बुकिंग के दौरान समान नामों को लेकर भ्रम की आशंका भी जताई जा रही है।

क्या है नागार्जुन की फिल्म ‘किंग 100’ की कहानी?

‘किंग 100’ नागार्जुन के अभिनय करियर की 100वीं फिल्म है। इसका लेखन और निर्देशन रा. कार्तिक ने किया है, जबकि इसका निर्माण अन्नपूर्णा स्टूडियोज के बैनर तले किया जा रहा है।

यह एक एक्शन-ड्रामा थ्रिलर फिल्म है। इसकी कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गरीबी से निकलकर अपार धन और ताकत हासिल करता है। लेकिन उसकी जिंदगी उस समय मुश्किलों में घिर जाती है, जब वह 50 हजार करोड़ रुपये के एक बड़े वित्तीय घोटाले में फंस जाता है। इसके साथ ही उसे निजी जिंदगी और पारिवारिक रिश्तों की जटिलताओं का भी सामना करना पड़ता है।

फिल्म में नागार्जुन के साथ तब्बू, अशोक सेल्वन, ऐश्वर्या राजेश और सुष्मिता भट्ट नजर आएंगी। फिल्म का एक खास आकर्षण नागार्जुन और तब्बू की जोड़ी है। दोनों कलाकार करीब 28 साल बाद एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। फिल्म का संगीत देवी श्री प्रसाद तैयार कर रहे हैं।

क्या बदलेगी रिलीज की तारीख?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शाहरुख खान और नागार्जुन की टीमें 24 दिसंबर की रिलीज डेट पर कायम रहेंगी या फिर दोनों में से कोई फिल्म अपनी रिलीज की तारीख बदल सकती है?

फिलहाल दोनों फिल्मों की रिलीज डेट में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में उतरती हैं या किसी एक फिल्म के निर्माता दूसरी तारीख चुनते हैं।

अगर दोनों फिल्में 24 दिसंबर को ही रिलीज होती हैं तो क्रिसमस के मौके पर दर्शकों को बॉक्स ऑफिस पर दो बड़े सितारों की फिल्मों का मुकाबला देखने को मिलेगा। दो अलग-अलग फिल्म उद्योगों के दो ‘किंग’ एक ही दिन दर्शकों के सामने होंगे।