आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मजबूत आर्थिक वृद्धि और अनुकूल नीतियों के कारण भारत में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) का कारोबारी माहौल स्थिर रहने की उम्मीद है। इससे कर्ज की मांग बनी रहेगी और कंपनियों को धन जुटाने की ऊंची लागत के दबाव से राहत मिलेगी। फिच रेटिंग्स ने बुधवार को यह बात कही।
फिच ने अनुमान जताया कि महंगाई और ब्याज दरों में मामूली वृद्धि तथा वैश्विक आर्थिक वृद्धि की धीमी रफ्तार के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि दर एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे ऊंची दरों में शामिल रहेगी।
वैश्विक रेटिंग एजेंसी ने सितंबर में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था।
फिच ने अपनी रिपोर्ट 'दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया की वित्तीय कंपनियों का परिदृश्य 2027' में कहा कि एनबीएफसी का गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात मोटे तौर पर स्थिर रहने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के अनुसार, इसके पीछे अनुकूल आर्थिक माहौल, कर्ज वितरण में लगातार वृद्धि, आवास ऋण और सोने के बदले दिए जाने वाले ऋण जैसे कम जोखिम वाले सुरक्षित कर्ज की ओर बढ़ता रुझान तथा कर्ज देने से पहले जांच और जोखिम नियंत्रण के कड़े उपाय प्रमुख कारण हैं।
हालांकि, फिच ने कहा कि लंबे समय से जारी भू-राजनीतिक जोखिमों और 2026 में कमजोर मानसून के कारण छोटी कंपनियों और ग्रामीण क्षेत्रों को दिए जाने वाले कर्ज में निकट भविष्य में कुछ कमजोरी आ सकती है।