आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए विशेष भर्ती अभियान के तहत 1,540 जूनियर एसोसिएट्स की भर्ती की बृहस्पतिवार को घोषणा की। ये पद लंबे समय से रिक्त हैं।
एसबीआई ने बयान में कहा कि ये भर्तियां वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान लिपिकीय और अधिकारी संवर्ग में करीब 11,000 से 12,000 कर्मचारियों की नियुक्ति करने की उसकी व्यापक योजना का हिस्सा हैं। बैंक ने इस वर्ष अपने शाखा नेटवर्क में करीब 200 से 250 नई शाखाएं जोड़ने का भी लक्ष्य रखा है। यह भर्ती योजना बैंक की वृद्धि संबंधी रणनीति के अनुरूप है।
एसबीआई के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा, ‘‘बैंक का ध्यान व्यवस्थित प्रशिक्षण और कौशल विकास के जरिये प्रतिभाओं को निखारने तथा बदलती ग्राहक अपेक्षाओं को पूरा करने में सक्षम कर्मचारियों को तैयार करने पर है। इसके लिए प्रौद्योगिकी प्रगति का भी लाभ उठाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप लंबे समय से रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने के लिए बैंक ने विशेष भर्ती अभियान शुरू किया है।