आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विदेशी कोषों के भारी निवेश और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच रुपये ने बुधवार को कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 56 पैसे की छलांग लगाई और आठ महीने के उच्चस्तर 92.29 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
इसके साथ ही रुपये ने वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक दर्ज अपनी पूरी गिरावट की भरपाई कर ली।
विश्लेषकों के अनुसार, डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल में नरमी के बावजूद विदेशी निवेशकों ने अन्य परिसंपत्तियों के मुकाबले भारतीय शेयरों को तरजीह दी। इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से भी रुपये को मजबूती मिली।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.65 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान बढ़कर 92.29 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 56 पैसे की बढ़त है। रुपये का यह स्तर इस साल 16 मार्च को दर्ज 92.28 प्रति डॉलर के बंद भाव के बाद का उच्चतम स्तर है।
रुपया सोमवार को सात महीने के उच्चस्तर से नीचे आया था और 23 पैसे की गिरावट के साथ 92.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को भारतीय मुद्रा बाजार बंद था।