नई दिल्ली
क्षेत्रीय तनाव के बीच भारतीय विमानन कंपनी इंडिगो ने सऊदी अरब के जेद्दा और मदीना के लिए कुछ उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। हालांकि, रियाद और दमाम के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 7 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी यात्रा एडवाइजरी में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों और परिचालन संबंधी पहलुओं का आकलन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, “मौजूदा स्थिति और उससे जुड़े परिचालन पहलुओं का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद हमें जेद्दा और मदीना से आने-जाने वाली कुछ उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। हालांकि, रियाद और दमाम के लिए उड़ानें 7 दिसंबर 2026 तक रद्द रहेंगी।”
इंडिगो ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को उनके पंजीकृत संपर्क माध्यमों के जरिए जानकारी दी जा रही है। यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी इंडिगो की एडवाइजरी साझा करते हुए रियाद और दमाम के लिए उड़ान सेवाएं 7 दिसंबर तक रद्द रहने की पुष्टि की है।
उड़ानों में बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब गुरुवार को सऊदी अरब के जजान क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी पर हूती हमले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। हमले की क्षेत्रीय संगठनों और पड़ोसी देशों ने निंदा की है।
अल जजीरा के अनुसार, अरब लीग ने सऊदी अरब के खिलाफ हूती मिलिशिया के बार-बार किए जा रहे हमलों की निंदा की। संगठन ने जजान स्थित रिफाइनरी पर हमले को भी गंभीर घटना बताया।
अरब लीग ने अपने बयान में कहा कि तेल प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण आर्थिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना सऊदी अरब की संप्रभुता का खुला उल्लंघन है।
खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के महासचिव जासिम मोहम्मद अलबुदैवी ने हमले को तनाव में खतरनाक वृद्धि बताया। उन्होंने कहा कि जीसीसी के सदस्य देश सऊदी अरब की सुरक्षा और संप्रभुता के खिलाफ खतरों का सामना करने में उसके साथ एकजुट हैं।
कतर ने भी हमले की निंदा करते हुए इसे निंदनीय आक्रामक कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया।
कतर के विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और सऊदी अरब की संप्रभुता, सुरक्षा, क्षेत्रीय अखंडता तथा हितों की रक्षा के लिए उठाए जाने वाले वैध कदमों का समर्थन किया।
कतर ने कहा कि सऊदी अरब की सुरक्षा उसकी अपनी सुरक्षा और जीसीसी की सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।