Jharkhand youth imprisoned in UAE, family appeals to Chief Minister to bring him back
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एक जेल में चार महीने से अधिक समय से बंद 23 वर्षीय युवक के परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उसे वापस लाने की अपील की है। युवक पर कंपनी को सूचित किए बिना नौकरी छोड़ने का आरोप है।
पलामू जिले के दादरा गांव के निवासी शशि कुमार पासवान के परिजनों ने शुक्रवार को सोरेन से मुलाकात की।
शशि की पत्नी सुमिता कुमारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, “मेरे पति चार महीने से अधिक समय से संयुक्त अरब अमीरात की जेल में बंद हैं। 18 नवंबर से हमारा उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनसे हमारी आखिरी बार 17 नवंबर को बात हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें दुबई की अल-रशीदिया जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरित किया जा रहा है।”
कुमारी ने कहा, “शुक्रवार को मैंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री सोरेन से मुलाकात की, उन्हें एक आवेदन सौंपा और अपने पति को सुरक्षित वापस लाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने हमें मामले पर गौर करने का आश्वासन दिया।”
युवक के पिता ललन पासवान ने 26 अक्टूबर को हुसैनाबाद थाने में आवेदन देकर पलामू जिला प्रशासन से अपने बेटे को वापस लाने का आग्रह किया था।
पीड़ित पिता ने कहा, “मेरा बेटा 2025 में एक निजी कंपनी में अनुबंध पर काम करने के लिए दुबई गया था। परिवार ने उसकी बहन की शादी 26 जून को तय की थी और शशि उसमें शामिल होना चाहता था। उसने घर लौटने के लिए एक एजेंट को पैसे दिए, लेकिन वह फंस गया।”
उन्होंने कहा, “शशि ने हमें भरोसा दिलाया था कि वह जल्द ही जेल से बाहर आ जाएगा। उसके आश्वासन के आधार पर परिवार ने मामले की सूचना देने से पहले तीन महीने तक इंतजार किया। अब हमने राज्य सरकार से आवश्यक कार्रवाई करने और मेरे बेटे को वापस लाने का आग्रह किया है।”
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शशि कुमार पासवान को कथित तौर पर कंपनी को सूचित किए बिना नौकरी छोड़ने और घर लौटने के लिए अपने एजेंट को पैसे देने के आरोप में जेल में बंद किया गया था।