तेहरान
ईरान ने कुवैत में ड्रोन हमले में दो इतालवी नागरिकों की मौत के मामले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस हमले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि यह युद्ध की पृष्ठभूमि तैयार करने की कोशिश हो सकती है।
गुरुवार (26 नवंबर) को कुवैत में एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र पर ड्रोन हमला हुआ था। इस हमले में दो इतालवी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक पाकिस्तानी और एक कुवैती नागरिक घायल हुए। मृतक दोनों इतालवी नागरिक कुवैत में तकनीशियन के रूप में काम कर रहे थे।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इटली और कुवैत के विदेश मंत्रियों से फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने मृत इतालवी नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अराघची ने यह भी कहा कि ईरान घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कुवैत और इटली के साथ सहयोग करने को तैयार है।
इससे पहले कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि ड्रोन हमला ईरान की ओर से किया गया और इसका निशाना एक महत्वपूर्ण ठिकाना था। शुरुआती जानकारी में चार लोगों के घायल होने की बात कही गई थी। बाद में मंत्रालय ने पुष्टि की कि दो इतालवी नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक पाकिस्तानी और एक कुवैती नागरिक घायल हैं।
हालांकि, ईरान ने कुवैत के आरोपों को खारिज कर दिया। ईरानी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता अबोलफजल शेखरची ने सरकारी टेलीविजन से कहा कि ईरानी सेना ने उस दिन क्षेत्र में कोई सैन्य या आक्रामक कार्रवाई नहीं की।
इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया था। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत सहित क्षेत्र के कई स्थानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। उस दौरान कुवैत में हुए हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई थी। इसके अलावा, कुवैती सेना ने गलती से तीन अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराया था।
खाड़ी क्षेत्र के छोटे देशों में शामिल कुवैत में अमेरिका की बड़ी सैन्य मौजूदगी है। क्षेत्र में जारी तनाव के बीच ईरान अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों और ठिकानों को निशाना बनाता रहा है। पिछले सप्ताह बहरीन में भी कई ड्रोन हमलों की खबरें सामने आई थीं। इनमें एक ताजा हमले के बाद तेल डिपो में आग लग गई थी।
हालांकि, तेहरान ने गुरुवार को कुवैत में हुए ड्रोन हमले में अपनी किसी भी भूमिका से साफ इनकार किया है और घटना की जांच में सहयोग की पेशकश की है।