Nine out of 10 women in Delhi feel unsafe visiting metro stations, bus stops: Study
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में कई महिलाओं और लड़कियों के लिए मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पहुंचने का सफर ही भय का कारण बन गया है। लैंगिक समानता के क्षेत्र में काम करने वाले एक संगठन के अध्ययन में पाया गया है कि हर 10 में से करीब नौ महिलाएं और लड़कियां अपने नजदीकी सार्वजनिक परिवहन केंद्र तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं।
‘सेंटर फॉर इक्विटी एंड इंक्लूजन’ (सीईक्यूयूआईएन) द्वारा किए गए अध्ययन में पाया गया कि सर्वेक्षण में शामिल 87.5 प्रतिशत लोग नजदीकी मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करते हैं, जबकि 88.9 प्रतिशत लोग अंधेरा होने के बाद अपने नजदीकी सार्वजनिक पार्क में असुरक्षित महसूस करते हैं।
तीन-चौथाई से अधिक प्रतिभागियों ने फुटपाथों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात कही, जबकि 60 प्रतिशत ने बताया कि फुटपाथ या तो टूटे हुए हैं या हैं ही नहीं।
‘सीईक्यूयूआईएन’ की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, 1,588 महिलाओं, लड़कियों और एलजीबीटीक्यू+ समुदाय के लोगों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं पर आधारित अध्ययन के निष्कर्ष बताते हैं कि सुरक्षा संबंधी चिंताएं केवल यौन हिंसा के खतरे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन परिस्थितियों से भी जुड़ी हैं, जिनमें लोगों को शहर में रोजाना आवागमन करना पड़ता है।
सर्वेक्षण में शामिल करीब 80 प्रतिशत लोगों ने कहा कि पुरुषों के व्यवहार, जिसमें घूरना, फब्तियां कसना और पीछा करना शामिल हैं, के कारण उनका रोजमर्रा का सफर असुरक्षित हो जाता है।