The fifth edition of 'Kashi Tamil Sangamam' will be held from November 28 to December 12: Prahlad Joshi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम ‘काशी तमिल संगमम’ का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
मंत्री ने इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण पोर्टल भी शुरू किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करना है। ये दोनों ही प्राचीन काल से शिक्षा के प्रमुख केंद्र रहे हैं।
जोशी ने कहा, ‘‘प्राचीन काल से ही देश में मजबूत सांस्कृतिक एकता रही है। धार्मिक परंपराओं के तहत अनेक लोग काशी और रामेश्वरम की यात्रा करते थे। यह भारत के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, लेखकों, पेशेवरों, किसानों, कलाकारों, महिलाओं और आध्यात्मिक विद्वानों को एक साथ लाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को काशी तमिल संगमम के उद्देश्यों से परिचित कराने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक जागरूकता संबंधी पहल भी की जाएंगी।
काशी तमिल संगमम का पहला संस्करण 2022 में आयोजित किया गया था। पिछले चार संस्करण के दौरान इस कार्यक्रम ने दोनों क्षेत्रों के बीच ज्ञान, भाषा, परंपराओं और जीवन से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया है।