Dead fish found on the banks of Yamuna in Burari, Delhi; cause of death not yet known
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर दिल्ली में बुराड़ी के निकट यमुना किनारे संभवतः हजारों मछलियां मृत पाई गईं हैं, जिससे नदी के पानी की गुणवत्ता और उसके जलीय पारिस्थितिकी तंत्र की स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। न्यू दिल्ली नेचर सोसाइटी ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
सोसाइटी ने बुधवार शाम ‘एक्स’ पर नदी के किनारे मृत पड़ी मछलियों की तस्वीरें और वीडियो साझा किये। सोसाइटी ने अपने ‘एक्स’ प्रोफाइल में खुद को ‘‘जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों का एक समूह’’ बताया है।
इसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मछलियों की मौत का सटीक कारण अभी पता नहीं चला है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हरियाणा से नहरों के जरिये रासायनिक कचरा यमुना में छोड़ा जा रहा है। क्या इसका संबंध 12 अक्टूबर को हुई अम्लीय वर्षा से हो सकता है?’’
सोसाइटी ने कहा कि मछलियों की मौत जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ रहे दबाव का संकेत हो सकती है और इसके संभावित कारणों में पानी की गुणवत्ता में गिरावट, पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर कम होना और जहरीले पदार्थों की मौजूदगी शामिल हैं।
मछलियों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।