ताजमहल से निकाली गई नक्काशीदार संगमरमर की पट्टिका की ब्रिटेन में नीलामी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
Carved marble plaque removed from Taj Mahal to be auctioned in UK
Carved marble plaque removed from Taj Mahal to be auctioned in UK

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल से ब्रिटिश शासन के दौरान ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी द्वारा निकाली गई नक्काशीदार संगमरमर की पट्टिका की नीलामी अगले महीने ब्रिटेन में की जाएगी।
 
यह आयताकार पट्टिका उन दो पट्टिकाओं में से एक है, जिन्हें कर्नल पाउनोल फिप्स ने 1816 में आगरा और उसके आसपास की इमारतों की मरम्मत के अधीक्षक के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने पर एकत्र किया था। अनुमान है कि इससे 20,000 से 30,000 पाउंड (लगभग 24-36 लाख भारतीय रुपये) मिल सकते हैं।
 
ताजमहल से निकाली गई इस पट्टिका को नौ दिसंबर को लायन एंड टर्नबुल नीलामीकर्ता द्वारा आयोजित ‘इस्लामिक और भारतीय कला’ से जुड़ी वस्तुओं की नीलामी में रखा जाएगा।
 
नीलामीकर्ता की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, ‘‘संगमरमर की इस पट्टिका के साथ ताजमहल की एक पुरानी श्वेत-श्याम तस्वीर और दो पत्र भी हैं, जिनमें से एक कर्नल पाउनोल के पोते द्वारा छपवाया गया था, और दूसरा मार्क्वेस ऑफ बाथ द्वारा हाथ से लिखा गया था।”
 
कर्नल के बेटे के संस्मरणों के मुताबिक उनके पिता को ये वस्तुएं ताजमहल के भूमिगत हिस्से में मिली थीं, और उन्हें लगा कि इनका इस्तेमाल मुगलकालीन स्मारक की मरम्मत के लिए किया जाना था।
 
कर्नल पोउनोल फिप्स का जन्म 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था। 17वीं सदी की शुरुआत से ही सैनिकों के परिवार से ताल्लुक रखने वाले फिप्स, 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के तौर पर शामिल हुए थे।
 
भारत में औपनिवेशिक शासन के दौरान वह अन्य कार्यों के अलावा, ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक इमारतों की देखभाल की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।