बिसलेरी ने पश्चिम बंगाल बैच PB201 के अलग-अलग टेस्ट नतीजों पर FSSAI से रिव्यू की मांग की

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 28-11-2026
Bisleri seeks FSSAI review over conflicting test results for West Bengal Batch PB201
Bisleri seeks FSSAI review over conflicting test results for West Bengal Batch PB201

 

मुंबई 
 
बिस्लेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने शनिवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) से अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के 'बैच PB201' से जुड़े प्रयोगशाला परीक्षण के विरोधाभासी परिणामों की गहन समीक्षा करने का आग्रह किया है। यह बैच पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में स्थित कंपनी की तेलीपाड़ा इकाई में तैयार किया गया था। कंपनी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, FSSAI के निर्देश पर बिस्लेरी ने पहले ही 'बैच PB201' को वापस मंगा लिया था। FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी थी, क्योंकि प्राथमिक और रेफरल प्रयोगशालाओं ने नियामक नमूनों में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की रिपोर्ट दी थी।
 
हालांकि, कंपनी ने बताया कि उसने FSSAI द्वारा मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में उसी बैच के नमूनों का स्वतंत्र परीक्षण करवाया। इसमें पाया गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया और अन्य सभी खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरा है। विज्ञप्ति के अनुसार, बिस्लेरी ने FSSAI द्वारा मान्यता प्राप्त एक अन्य स्वतंत्र प्रयोगशाला में भी नमूनों का परीक्षण करवाया, जिसमें भी यही परिणाम सामने आया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए निर्धारित मानकों को पूरा करता है। बिस्लेरी ने कहा कि नियामक जांच और स्वतंत्र परीक्षण के परिणामों में अंतर को देखते हुए, इसकी गहन समीक्षा की जानी चाहिए। कंपनी ने FSSAI से आग्रह किया है कि वह सैंपलिंग प्रक्रिया, परीक्षण पद्धति, प्रयोगशाला के निष्कर्षों और परिणामों में अंतर पैदा करने वाले अन्य संभावित कारकों की जांच करे। बयान में कहा गया है, "हम उम्मीद करते हैं कि इस मामले का मूल्यांकन उन्हीं मानकों के आधार पर किया जाएगा जो पूरे उद्योग में लागू होते हैं।"
 
कंपनी ने दोहराया कि वह तथ्यों का पता लगाने के लिए FSSAI के साथ पूरा सहयोग करना जारी रखेगी। विज्ञप्ति में आगे कहा गया, "पेयजल की सुरक्षा बिस्लेरी की प्राथमिकता है। हम अपनी 10-चरणीय निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक परीक्षणों के जरिए सख्त गुणवत्ता नियंत्रण बनाए रखते हैं, और बिस्लेरी का सेवन पूरी तरह सुरक्षित है।" सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि FSSAI के परीक्षण में बिस्लेरी के पानी के एक नमूने में बैक्टीरियल कंटामिनेशन (बैक्टीरिया का संक्रमण) पाया गया था, जिसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी का पता चला था। सूत्रों के अनुसार, जुलाई 2026 में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव में स्थित एक प्लांट से 'PB 201' बैच नंबर वाला एक सैंपल लिया गया था। प्राइमरी और रेफरल, दोनों ही लैब ने इस सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की।
 
इस बात का पता चलने के बाद, 12 अगस्त 2026 को बिसलेरी को केवल उसी एक बैच की बिक्री करने से रोक दिया गया। साथ ही, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी दिया गया। इसके अलावा, पूरे देश में बिसलेरी के सभी वॉटर ब्रांड्स के सैंपल की जांच की गई।