दिलजीत दोसांझ ने गुजरात के गिर नेशनल पार्क में रोमांचकारी वन्यजीव सफारी का आनंद लिया

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 17-11-2026
Diljit Dosanjh enjoys thrilling wildlife safari at Gujarat’s Gir National Park
Diljit Dosanjh enjoys thrilling wildlife safari at Gujarat’s Gir National Park

 

जूनागढ़ (गुजरात)
 
दिलजीत दोसांझ ने अपने व्यस्त शेड्यूल से ब्रेक लेकर गुजरात के गिर नेशनल पार्क में वाइल्डलाइफ सफारी का आनंद लिया। प्रकृति के बीच, इस गायक और अभिनेता को जंगल घूमने और वन्यजीवों की खूबसूरती को करीब से देखने का मौका मिला। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपने जंगल के अनुभव की झलकियां साझा कीं। तस्वीरों और वीडियो में, दिलजीत सफारी के कपड़ों में नजर आ रहे हैं - उन्होंने कैमोफ्लाज (फौजी स्टाइल) वाली पोशाक और भूरे रंग की यूटिलिटी वेस्ट पहनी हुई है, और आसपास के जंगल को देखने के लिए उनके हाथ में दूरबीन है। जंगल की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए उनका उत्साह और उत्सुकता साफ झलक रही है।
 
उनकी सफारी का एक और खास पल तब देखने को मिला जब एक शेरनी जंगल के रास्ते से गुजर रही थी। इस दौरान दिलजीत अपनी सफारी गाड़ी से इस शानदार जानवर को देख रहे थे, जबकि उनके पीछे अन्य गाड़ियां भी थीं। दिलजीत ने अपने इस अनुभव को साझा करते हुए कैप्शन में गुजरात के गिर नेशनल पार्क सफारी और 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का जिक्र किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "गिर नेशनल पार्क सफारी गुजरात..ऑरा इंडिया टूर 2026"
 
भारत के वन्यजीव परिदृश्य में गिर नेशनल पार्क का एक खास स्थान है। इसे एशियाई शेरों के प्राकृतिक घर के रूप में दुनिया भर में जाना जाता है। यहाँ देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, जो यहाँ की समृद्ध जैव विविधता का अनुभव करना चाहते हैं। इससे पहले, इंदौर में अपने 'ऑरा इंडिया टूर' कॉन्सर्ट के दौरान, दिलजीत ने दिवंगत कवि राहत इंदौरी की एक गजल की मशहूर पंक्तियां सुनाईं। दरअसल, स्थानीय प्रशासन ने उन्हें शराब और हथियारों का जिक्र करने वाले चार गानों को परफॉर्म करने से रोक दिया था। यह पाबंदी इसलिए लगाई गई थी ताकि कॉन्सर्ट में ऐसे गाने न गाए जाएं, जिनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
 
15 नवंबर (रविवार) को अपनी परफॉर्मेंस के दौरान, गायक ने दिवंगत उर्दू कवि की लोकप्रिय पंक्तियां सुनाईं और अपनी प्लेलिस्ट के उन चार गानों पर लगी पाबंदियों की ओर ध्यान दिलाया। दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर 'ऑरा इंडिया टूर' कॉन्सर्ट का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे राहत इंदौरी की मशहूर पंक्तियां सुनाने से पहले दर्शकों से बात करते हुए नजर आ रहे हैं। प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया देते हुए, गायक ने दर्शकों से कहा, "ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते।" इसके बाद उन्होंने राहत इंदौरी की प्रसिद्ध ग़ज़ल की कुछ पंक्तियाँ पढ़ीं, जिनमें शामिल थीं, "हमारे मुँह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुँह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है; अगर खिलाफ हैं तो होने दो, जान थोड़ी है; सभी का खून है शामिल यहाँ की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।"
 
बाल संरक्षण अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर 'पटियाला पेग', '5 तारा', 'केस' और 'जट्ट उठे फायर करदा' सहित चार गानों पर चिंता जताए जाने के बाद प्रतिबंध लगाए गए। रिपोर्टों के अनुसार, अधिकारियों ने बच्चों पर उनके संभावित प्रभाव के बारे में चिंताओं का हवाला देते हुए आयोजकों से इन गानों को लाइव प्रदर्शन में शामिल नहीं करने के लिए कहा। इस बीच, दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को भी उसके आधिकारिक ईमेल पते पर एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
 
30 अक्टूबर को, दिलजीत ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खचाखच भरे शो के साथ अपने ऑरा टूर के भारतीय चरण की शुरुआत की।
 
'जी.ओ.ए.टी.', 'इक कुड़ी', 'ललकारा', 'इश्क दी बाजियां', 'नैना' और 'किन्नी किन्नी' से लेकर 'केस', 'पंजतारा', 'हस हस' और 'वॉटर' तक, दिलजीत ने अपनी लोकप्रिय डिस्कोग्राफी के माध्यम से दर्शकों को एक संगीतमय यात्रा पर ले गए। शाम के सबसे प्रतीक्षित क्षणों में से एक तब आया जब उन्होंने 'सांसों की माला' का प्रदर्शन किया, जिसे भीड़ से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।