अगर आप विकेंड पर ताजमहल घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो इरादा बदल दें

Story by  फैजान खान | Published by  [email protected] | Date 18-06-2021
यदि आप विकेंड पर ताजमहल घूमने की प्लानिंग  कर रहे हैं तो इरादा बदल दें
यदि आप विकेंड पर ताजमहल घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो इरादा बदल दें

 

फैजान खान / आगरा

यदि आप शनिवार या रविवार को मुहब्बत की निशानी ताजमल घूमने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो इरादा बदल दें.भले ही कोरोना की दूसरी लहर में 60 दिन बाद 16 जून से ताजमहल सहित अन्य स्माकर पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं, पर वीकेंड में कोरोना कर्फ्यू अभी भी ताज के दीवानों की राह में रोड़ा बना हुआ. वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को आगरा के सभी स्मारक बंद रहेंगे. जबकि शुक्रवार को ताजमहल पहले से ही बंद रहता रहा है. 
 
इस बारे में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने एक आदेश जारी किया है. इसके मुताबिक, कोरोना कर्फ्यू की वजह से ताजमहल सहित अन्य स्मारक वीकेंड पर बंद रहेंगे. बता दें कि, ताजमहल सप्ताह में हर शुक्रवार को बंद रहता है. शुक्रवार को आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर टाम्ब (सिकंदरा), एत्मादउद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग और मरियम टाम्ब खुले रहते हैं. मगर, आगरा के बाकी स्मारक वीकेंड पर बंद रहेंगे. 
 

कोरोना कर्फ्यू से समय  बदला

 

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू की वजह से शनिवार-रविवार को आगरा के सभी स्मारकों पर पर्यटकों को एंट्री नहीं दी जाएगी. इसके साथ ही नाइट कर्फ्यू की वजह से स्मारकों के खुलने और बंद होने का समय भी बदला गया है.
 
अब सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ही स्मारकों में प्रवेश किया जा सकेगा. पूर्व में सूर्योदय से सूर्यास्त तक स्मारकों को खोलने की व्यवस्था थी. नाइट कर्फ्यू के नियमों के कारण समय में बदलाव किया गया है.
 

1950 पर्यटक देख सकेंगे ताजमहल 

 

कोरोना संक्रमण के चलते स्मारकों में पर्यटकों की एंट्री के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) बनाई है. जिसके मुताबिक, एक साथ 650 पर्यटकों को एंट्री दी जा रही है. दिनभर में सिर्फ 1950 पर्यटक ही ताजमहल का दीदार कर सकते हैं.
 
अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि ताजमहल सहित सभी स्मारकों पर टिकट विंडो बंद हैं. ऑनलाइन टिकट बुक करके पर्यटकों को स्मारकों पर एंट्री मिल रही है. एंट्री गेट पर पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग और हाथ सैनिटाइज कराए जा रहे हैं. पर्यटकों से अपील है कि, स्मारकों को टच न करें. पर्यटक अपने साथ सैनिटाइजर लेकर आएं. स्मारक परिसर में मास्क लगाए रखें और सोशल डिस्टेंस का पालन करें. 
 

17 जून को पर्यटकों की संख्या 

 

  • स्मारक............... पर्यटक                     
  • ताजमहल ............  2378                                               
  • आगरा किला............317                                                  
  • फतेहपुर सीकरी .........85                                          
  • एत्मादउद्दौला..............25                                                   
  • मेहताब बाग ...............35                                                 
  • रामबाग ...................30                                                           
  • अकबर टूम ..............137                                                    
  • मरियम  टूम ..............23