आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कच्चे तेल की कीमतों में सुधार और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्त धारणा के कारण शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 24 पैसे टूटकर 92.62 पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की लिवाली और डॉलर के कमजोर पड़ने से भारतीय मुद्रा की गिरावट सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.44 पर खुला और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरकर 92.62 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 24 पैसे नीचे है।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे टूटकर 92.38 पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले इसने 65 पैसे की छलांग लगाकर चालू वित्त वर्ष के अब तक के अपने उच्चतम स्तर को छुआ था।
भारतीय मुद्रा आठ अक्टूबर को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दर्ज किए गए 96.88 के अपने अब तक के सबसे निचले बंद स्तर से लगभग पांच प्रतिशत का सुधार दर्ज करते हुए एशिया की सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गई।
इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.65 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.46 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
विश्लेषकों ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाए जाने की खबरों के बाद आपूर्ति शृंखला में व्यवधान की चिंता बढ़ने से तेल की कीमतें 95 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गईं।