Markets rise for the second day on softening crude oil prices and buying in IT stocks.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। कच्चे तेल के दाम में गिरावट, वैश्विक स्तर पर सकारात्मक घटनाक्रम और आईटी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 579 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 170 अंक की तेजी रही।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 579.48 अंक यानी 0.75 प्रतिशत बढ़कर 77,502.12 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 656.29 अंक चढ़कर 77,578.93 अंक पर पहुंच गया था।
एनएसई निफ्टी 169.85 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,175.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इन्फोसिस 5.64 प्रतिशत चढ़ा। इसके बाद क्रमश: टेक महिंद्रा (4.32 प्रतिशत), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (4.28 प्रतिशत) और एचसीएल टेक (4.12 प्रतिशत) का स्थान रहा। बजाज फिनसर्व, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन और आईसीआईसीआई बैंक में प्रमुख रूप से तेजी रही।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत टूटकर 70.53 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
भारत और जापान ने बृहस्पतिवार को आर्थिक साझेदारी रूपरेखा और सैन्य उपकरणों को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए रक्षा समझौते समेत कई महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची के बीच हुई शिखर वार्ता के बाद इन कदमों की घोषणा की गई।
इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए जिनमें आर्थिक सुरक्षा पर घोषणा, कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक संयुक्त वक्तव्य और ऊर्जा आपूर्ति शृंखला में सहयोग को मजबूत करने को लेकर समझौता शामिल है।