इंदिरा गांधी ने महज 12 साल की उम्र में बच्चों का एक संगठन बनाया था, जिसका नाम 'वानर सेना' था। इसमें करीब एक हजार बच्चे शामिल हुए थे। ये बच्चे स्वतंत्रता आंदोलन में संदेश पहुंचाने जैसे कामों में मदद करते थे।
स्वदेशी आंदोलन के दौरान नेहरू परिवार ने विदेशी सामान का बहिष्कार किया। इंदिरा की पसंदीदा गुड़िया भी विदेशी थी। काफी भावुक होने के बावजूद उन्होंने अपनी गुड़िया को आग के हवाले कर दिया था।
इंदिरा गांधी का महात्मा गांधी से बचपन से संपर्क था। उन्होंने गांधीजी के उपवास और अहिंसक आंदोलन को करीब से देखा था, जिसका उनके विचारों पर प्रभाव पड़ा।
इंदिरा गांधी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के शांति निकेतन में पढ़ाई की थी। वहां उन्होंने मणिपुरी नृत्य भी सीखा और टैगोर से काफी प्रभावित हुईं।
इंदिरा गांधी ने ऑक्सफोर्ड के सोमरविले कॉलेज में पढ़ाई की थी, लेकिन खराब स्वास्थ्य और अन्य परिस्थितियों के कारण उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी।
इंदिरा गांधी ने 1942 में फिरोज गांधी से शादी की थी। फिरोज गांधी पारसी परिवार से थे और महात्मा गांधी से उनका कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं था। इस शादी को लेकर नेहरू परिवार में मतभेद भी हुए थे।