इजरायल की राजनीति में अरब समुदाय की बढ़ती भागीदारी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है।
हालिया चुनावी घटनाक्रम में अरब राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका और डॉ. अहमद तिबी का इजरायली संसद के डिप्टी स्पीकर पद तक पहुंचना इसी बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
खास बात यह है कि जिस संसद में फिलिस्तीन के मुद्दे पर अक्सर तीखी बहस होती है, उसी संसद में एक ऐसा नेता उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहा है, जो खुद को फिलिस्तीनी पहचान वाला इजरायली नागरिक बताता है।
वह लंबे समय से फिलिस्तीनी अधिकारों, अरब नागरिकों के साथ समान व्यवहार और इजरायल की नीतियों के खिलाफ संसद के भीतर और बाहर आवाज उठाता रहा है।
डॉ. अहमद तिबी का राजनीतिक सफर इसलिए भी दिलचस्प है कि उन्होंने चिकित्सा की पढ़ाई की, स्त्री रोग विशेषज्ञ बने, फिलिस्तीन के पूर्व राष्ट्रपति यासिर अराफात के राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम किया और फिर इजरायल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
डॉ. अहमद तिबी का जन्म 19 दिसंबर 1958 को इजरायल के तायबे शहर में हुआ था। उनका परिवार फिलिस्तीनी पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनके पिता कमाल तिबी का जन्म जाफा में हुआ था।
वर्ष 1948 में फिलिस्तीनियों के बड़े पैमाने पर विस्थापन की घटना, जिसे नकबा कहा जाता है, उनके परिवार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का भी हिस्सा रही है।
तिबी की पहचान और राजनीतिक सोच को समझने के लिए इस पारिवारिक इतिहास को जानना जरूरी है। वह अपनी राष्ट्रीय पहचान फिलिस्तीनी बताते हैं, जबकि नागरिकता इजरायली है। यही दोहरी पहचान उनके राजनीतिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बन गई।
तिबी की पहचान और राजनीतिक सोच को समझने के लिए इस पारिवारिक इतिहास को जानना जरूरी है। वह अपनी राष्ट्रीय पहचान फिलिस्तीनी बताते हैं, जबकि नागरिकता इजरायली है। यही दोहरी पहचान उनके राजनीतिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बन गई।
अहमद तिबी ने यरुशलम की प्रतिष्ठित हिब्रू यूनिवर्सिटी से चिकित्सा की पढ़ाई की। वर्ष 1983 में उन्होंने सम्मान के साथ अपनी मेडिकल डिग्री हासिल की। इसके बाद 1984 में हदासाह अस्पताल में स्त्री रोग विभाग में विशेषज्ञता का प्रशिक्षण शुरू किया।
सामान्य परिस्थितियों में उनका करियर एक डॉक्टर के रूप में आगे बढ़ सकता था, लेकिन फिलिस्तीन के राजनीतिक हालात और अपनी राष्ट्रीय पहचान से जुड़े सवालों ने उन्हें छात्र जीवन से ही राजनीति की ओर आकर्षित किया।