यूक्रेन ने रूसी विद्रोहियों पर गोलीबारी का आरोप लगाया, संघर्ष विराम के 60 उल्लंघन

Story by  राकेश चौरासिया | Published by  [email protected] | Date 18-02-2022
यूक्रेन ने रूसी विद्रोहियों पर गोलीबारी का आरोप लगाया, संघर्ष विराम के 60 उल्लंघन
यूक्रेन ने रूसी विद्रोहियों पर गोलीबारी का आरोप लगाया, संघर्ष विराम के 60 उल्लंघन

 

नई दिल्ली. यूक्रेन के सरकारी बलों और देश के पूर्व में रूस समर्थित विद्रोहियों ने एक दूसरे पर गोलाबारी और अन्य संघर्ष विराम उल्लंघन के नए आरोप लगाए हैं. यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने पिछले 24 घंटों में डोनबास क्षेत्र में अलगाववादियों द्वारा 60 संघर्ष विराम उल्लंघन दर्ज किए हैं, जिसमें एक सैनिक घायल हो गया है.

 

रिपोर्ट में कहा गया है कि यूक्रेन के संयुक्त बलों के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अलेक्जेंडर पावल्युक ने दावा किया कि रूस समर्थित सैनिकों ने यूक्रेन के सशस्त्र बलों को फायर करने को लेकर उकसाने के लिए भड़काऊ कार्रवाई की है.

 

रूस के रक्षा मंत्रालय ने क्रीमिया से कई सैन्य यूनिट्स को वापस बुलाने का दावा किया है. कहा जा रहा है कि क्रीमिया में अभ्यास पूरा करने के बाद टैंक दागिस्तान और चेचन्या के क्षेत्रों में अपने ठिकानों पर लौट आए हैं.

 

अलगाववादियों ने सरकारी बलों पर पिछले 24 घंटों में कई बार उनके क्षेत्र में गोलीबारी करने का आरोप लगाया, जबकि यूक्रेन ने विद्रोहियों पर गोले दागने का आरोप लगाया है.

 

रूस की इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने कहा कि लुहान्स्क स्वघोषित विद्रोही गणराज्य ने शुक्रवार सुबह मोर्टार दागने की कई घटनाओं की सूचना दी.

 

द गार्जियन ने अपनी रिपोर्ट में बताय कि हालांकि, कीव सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि विद्रोहियों ने शुक्रवार को चार बार तोपखाने या मोर्टार दागे.

 

यूक्रेनी सेना ने अलग से, गुरुवार देर रात एक बयान में कहा कि उसकी विद्रोहियों की पोजिशन या नागरिकों पर गोलाबारी या हमला करने की कोई योजना नहीं है और वह मिन्स्क समझौतों और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के मानदंडों का सख्ती से पालन करेगी.

 

यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल वालेरी जालुजनी ने कहा, "हमारी कार्रवाई विशुद्ध रूप से रक्षात्मक है."