रूस-यूक्रेन युद्ध:  मारिया पोल के सुल्तान सुलेमान मस्जिद को रूसी सेना ने बनाया निशाना

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 12-03-2022
रूस-यूक्रेन युद्ध:  मारिया पोल के सुल्तान सुलेमान मस्जिद को रूसी सेना ने बनाया निशाना, फाइल फोटो
रूस-यूक्रेन युद्ध:  मारिया पोल के सुल्तान सुलेमान मस्जिद को रूसी सेना ने बनाया निशाना, फाइल फोटो

 

आवाज द वाॅयस / कीव
 
रूसी सेना ने मारियुपोल शहर की मस्जिद को निशाना बनाया है. इस मस्जिद मंे 80 लोगों के शरण लेने की बात कही जा रही है. तुर्की में यूक्रेन के राजदूत का कहना है कि शरण लेने वालों में कई तुर्की नागरिक भी हैं. रूसी हमले में कितने हताहत हुए, संपर्क नहीं होने की वजह से यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है.

यूक्रेनी सरकार का कहना है कि रूसी सैनिकों ने मारिया पोल शहर में एक मस्जिद को निशाना बनाया, जहां 80 से अधिक लोगों ने शरण ले रखी थी. उधर, तुर्की में यूक्रेन के दूतावास ने कहा कि मारिया पोल में फंसे 34 बच्चों सहित तुर्की के 86 नागरिकों का एक समूह रूस के हमले के बीच निकलने की कोशिश में है. 
 
तुर्की में यूक्रेनी दूतावास के एक प्रवक्ता ने कहा कि मारिया पोल में रूसी हमले के कारण किसी से भी संपर्क करना मुश्किल हो रहा है. यूक्रेन ने रूस पर मारियुपोल में फंसे लोगों को शहर छोड़ने की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया है. इसने शहर को चारों तरफ से बंद कर दिया है, जिससे हजारों लोग फंसे हुए हैं.
 
दूसरी ओर, रूस ने असुरक्षित निकासी के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है. यूक्रेन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि ‘‘मारियुपोल में सुल्तान सुलेमान मस्जिद को रूसी आक्रमणकारियों ने निशाना बनाया.‘‘
 
गोलाबारी से बचने के लिए छुपे थे लोग
 
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि गोलीबारी से बचने के लिए 80 से अधिक वयस्कों और बच्चों ने मस्जिद में शरण ले रखी थी. इनमें तुर्की नागरिक भी शामिल हैं. लेकिन उनमें से कितनों की मौत हुई है और कितने घायल हुए हैं, यह अभी पता नहीं चला है. रूस जो कुछ भी कर रहा है, वह बिना नाम लिए हमले की व्याख्या एक सैन्य अभियान के रूप में कर रहा है.
 
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि वह केवल सैन्य क्षेत्रों को निशाना बना रहा है. लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट है. रूस ने उन क्षेत्रों पर भी हमला किया है जहां नागरिक रहते हैं.
 
 
24 फरवरी से चल रहा है युद्ध 

रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर अपना पहला हमला किया. तभी से दोनों देशों के बीच जंग जारी है. आज युद्ध का 17वां दिन है. शांति के कोई संकेत नहीं हैं.कई यूक्रेनी शहर रूसी हमलों से मलबे में दब गए हैं. यहां जवानों के अलावा आम नागरिकों को भी निशाना बनाया जा रहा है. संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि यूक्रेन से 25 लाख से अधिक लोगों ने दूसरे देशों में शरण ली है. यह संख्या बढ़ती रहेगी. रूसी सैनिकों से घिरे इन शहरों में बड़ी संख्या में लोग बिना भोजन, पानी या बिजली के फंसे हुए हैं.