नाइजीरिया में अगवा किए गए 100 स्कूली बच्चे रिहा, 100 से अधिक अब भी बंदूकधारियों के कब्ज़े में

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 09-12-2025
100 kidnapped schoolchildren released in Nigeria, over 100 still held by gunmen
100 kidnapped schoolchildren released in Nigeria, over 100 still held by gunmen

 

मिन्ना (नाइजीरिया)

नाइजीरिया के सेंट मैरी कैथोलिक स्कूल से पिछले महीने अगवा किए गए 100 स्कूली बच्चों को रिहा कर दिया गया है, जबकि 100 से अधिक बच्चे अभी भी अपहरणकर्ताओं के चंगुल में फंसे हुए हैं। यह जानकारी सोमवार को क्रिश्चियन एसोसिएशन ने साझा की।

21 नवंबर को नाइजर राज्य के पापिरी समुदाय में स्थित इस स्कूल पर हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोलकर 303 बच्चों और 12 शिक्षकों का अपहरण कर लिया था। घटना के कुछ घंटे बाद लगभग 50 बच्चे अपहरणकर्ताओं से बच निकलने में सफल हुए, लेकिन बाकी को जंगलों में ले जाया गया।

नाइजर राज्य की क्रिश्चियन एसोसिएशन के प्रवक्ता डैनियल अटोरी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि गिरजाघर को सूचना मिली है कि सप्ताहांत में 100 बच्चों को रिहा किया गया है। बच्चों को जल्द ही राज्य की राजधानी मिन्ना ले जाया जाएगा, जहाँ उनकी स्वास्थ्य-जांच और परामर्श की व्यवस्था की जाएगी।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चों की रिहाई कैसे हुई,क्या फिरौती दी गई, कोई बचाव अभियान चलाया गया या अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। किसी भी संगठन ने इस अपहरण की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस हमले के पीछे वे कुख्यात सशस्त्र गिरोह हैं, जो नाइजीरिया के अस्थिर उत्तरी क्षेत्रों में स्कूलों और यात्रियों को फिरौती के लिए अगवा करने के लिए बदनाम हैं। इन गिरोहों ने पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों बच्चों के अपहरण की घटनाओं को अंजाम दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।रिहा किए गए बच्चों की सुरक्षा फिलहाल सुनिश्चित की जा रही है, लेकिन बाकी बच्चों की सलामती को लेकर स्थानीय समुदाय बेहद चिंतित है।