मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने पहली बार कही भारतीय से जुड़ी ये बड़ी बात, जानिए क्या कहा ?

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 06-10-2022
मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने पहली बार कही भारतीय से जुड़ी ये बड़ी बात, जानिए क्या कहा ?
मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने पहली बार कही भारतीय से जुड़ी ये बड़ी बात, जानिए क्या कहा ?

 

आवाज द वॉयस /नई दिल्ली
 
महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर दो अक्टूबर को एक अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक संगठन की ओर से दिया गया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है. महात्मा गांधी को भारत में अहिंसा का अनुयायी बताते हुए मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने पहली बार गांधी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. साथ ही संगठन ने कहा कि इस दिन को दुनिया भर में अहिंसा का संदेश देने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए.
 
वर्ल्ड मुस्लिम लीग ने ट्वीट किया कि आज 2 अक्टूबर को हम महात्मा गांधी की जयंती मना रहे हैं, उन्हें गांधी जयंती के रूप में याद कर रहे हैं. संगठन ने ट्वीट में महात्मा गांधी को स्वतंत्रता सेनानी और अहिंसा का पुजारी बताया और कहा कि गांधी जयंती का दिन अंतरराष्ट्रीय अहिंसा का भी दिन है.
ट्वीट में कहा गया है कि 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अहिंसा के संदेश को फैलाने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए. ट्वीट में गांधी जयंती के दिन को एक अवसर बताया गया है, जिसमें शिक्षा और जन जागरूकता के माध्यम से अहिंसा का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है.
 
बता दें कि मुस्लिम वर्ल्ड लीग एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी इस्लामिक संगठन है, जो सऊदी अरब के मक्का शहर से चलता है. मक्का वही शहर है, जहां इस्लाम के आखिरी पैगंबर मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) का जन्म हुआ था और काबा यहां स्थित है, जिसके कारण यह शहर दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में से एक है.
 
 
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद से ही भारत और सऊदी अरब के रिश्ते और मजबूत होते जा रहे हैं. तेल के अलावा सऊदी अरब और भारत के बीच कई क्षेत्रों में काफी कारोबार है.