WCPL 2026: महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग में पहली बार चार टीमें, जमैका एम्प्रेस की हुई एंट्री, जानें पूरा शेड्यूल

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 09-06-2026
WCPL 2026: Four teams in the Women's Caribbean Premier League for the first time; Jamaica Empress enters the fray—check the full schedule.
WCPL 2026: Four teams in the Women's Caribbean Premier League for the first time; Jamaica Empress enters the fray—check the full schedule.

 

नई दिल्ली:

महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (WCPL) 2026 का संस्करण कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पांचवें सीजन में पहली बार चार टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों ने जमैका एम्प्रेस (Jamaica Empress) को प्रतियोगिता में शामिल करने की घोषणा की है, जिससे महिला टी20 लीग का विस्तार हुआ है। यह टूर्नामेंट 5 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक पूरी तरह बारबाडोस में खेला जाएगा।

अब तक 2022 में शुरू हुई इस लीग में केवल तीन टीमें खेलती थीं, लेकिन इस बार जमैका एम्प्रेस के जुड़ने से प्रतियोगिता का स्वरूप और अधिक प्रतिस्पर्धी बन गया है। नई टीम के शामिल होने को महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

नया फॉर्मेट: लीग और प्लेऑफ दोनों होंगे रोमांचक

WCPL 2026 के नए प्रारूप के अनुसार, सभी चार टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी।वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें 16 सितंबर को प्लेऑफ मुकाबला खेलेंगी। इस मैच की विजेता टीम 17 सितंबर को होने वाले फाइनल में शीर्ष टीम से खिताब के लिए भिड़ेगी।

बारबाडोस रॉयल्स की नजर लगातार चौथी ट्रॉफी पर

मौजूदा चैंपियन बारबाडोस रॉयल्स लगातार चौथी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम ने 2023, 2024 और 2025 में लगातार तीन बार ट्रॉफी अपने नाम की है।वहीं त्रिनबागो नाइट राइडर्स अब तक दूसरी और एकमात्र ऐसी टीम है जिसने 2022 में उद्घाटन संस्करण का खिताब जीता था। दूसरी ओर गयाना अमेज़न वॉरियर्स और नई टीम जमैका एम्प्रेस इस बार इतिहास रचने की कोशिश करेंगी।

2027 से टूर्नामेंट को वैश्विक बनाने की तैयारी

WCPL आयोजकों ने संकेत दिए हैं कि यह विस्तार केवल शुरुआत है। उनका लक्ष्य 2027 से कैरेबियन के बाहर की फ्रेंचाइज़ी टीमों को भी आमंत्रित करना है, ताकि इस प्रतियोगिता को एक वैश्विक महिला फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट टूर्नामेंट का स्वरूप दिया जा सके।आयोजकों के अनुसार, भविष्य में अंतरराष्ट्रीय टीमों की भागीदारी से महिला क्रिकेट को नई पहचान और अधिक प्रतिस्पर्धा मिलेगी।

जमैका एम्प्रेस का पहला मुकाबला कब?

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 5 सितंबर को बारबाडोस रॉयल्स और त्रिनबागो नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। वहीं नई टीम जमैका एम्प्रेस अपने WCPL सफर की शुरुआत 6 सितंबर को गयाना अमेज़न वॉरियर्स के खिलाफ करेगी।

WCPL 2026 का पूरा शेड्यूल

  • 5 सितंबर: बारबाडोस रॉयल्स बनाम त्रिनबागो नाइट राइडर्स
  • 6 सितंबर: जमैका एम्प्रेस बनाम गयाना अमेज़न वॉरियर्स
  • 10 सितंबर: त्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम जमैका एम्प्रेस
  • 12 सितंबर: त्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम गयाना अमेज़न वॉरियर्स
  • 12 सितंबर: बारबाडोस रॉयल्स बनाम जमैका एम्प्रेस
  • 13 सितंबर: गयाना अमेज़न वॉरियर्स बनाम बारबाडोस रॉयल्स
  • 16 सितंबर: प्लेऑफ (दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें)
  • 17 सितंबर: फाइनल

महिला क्रिकेट की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और WCPL 2026 का विस्तारित प्रारूप इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई टीमों और भविष्य की वैश्विक योजनाओं के साथ यह टूर्नामेंट महिला फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।