अमेरिका में प्रवेश नहीं मिलने के कारण सोमालिया का रैफरी विश्व कप में शिरकत नहीं कर पाएगा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-06-2026
Somali referee denied entry into US, unable to attend World Cup
Somali referee denied entry into US, unable to attend World Cup

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अमेरिका में प्रवेश नहीं मिलने के कारण सोमालिया के रैफरी उमर अर्टन फीफा विश्व कप में अधिकारी की भूमिका नहीं निभा पाएंगे।
 
अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) विभाग ने सोमवार को बताया कि सोमालिया के एक नागरिक को शनिवार को इस्तांबुल से मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया। इस व्यक्ति को विश्व कप में रैफरी की भूमिका निभानी थी।
 
हालांकि सीबीपी ने अपने बयान में उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया लेकिन अर्टन विश्व कप में सोमालिया से एकमात्र रैफरी हैं।
 
फीफा ने बाद में सोमवार को पुष्टि की कि अर्टन विश्व कप में ट्रेनिंग और रैफरी की भूमिका नहीं निभा पाएंगे।
 
फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था ने एक बयान में कहा, ‘‘फीफा मेजबान देश की आव्रजन प्रक्रियाओं में शामिल नहीं होता जिसमें वीजा से जुड़े फैसले भी शामिल हैं। अधिकारियों ने हमें बताया है कि अर्टन की स्थिति में अभी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।’’
 
बयान के अनुसार, ‘‘फीफा की पिछली प्रतियोगिताओं की तरह मेजबान सरकार ही यह तय करती है कि किसे वीजा मिलेगा और किसे देश में प्रवेश दिया जाएगा।’’
 
सीबीपी ने बयान जारी कर बताया कि अर्टन को प्रवेश क्यों नहीं दिया गया।
 
सीबीपी ने कहा, ‘‘प्रोसेसिंग के दौरान यात्री की अतिरिक्त जांच की गई। यह सीबीपी की जांच प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है जब अधिकारियों को जानकारी का सत्यापन करना होता है या यह तय करना होता है कि किसी को प्रवेश दिया जा सकता है या नहीं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘जांच के बाद फीफा विश्व कप के रैफरी को जांच-पड़ताल से जुड़ी चिंताओं के कारण देश में प्रवेश के लिए अयोग्य पाया गया और उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।’’