पैरालम्पिकः स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन सहित आठ लोग पहुंचे टोक्यो

Story by  राकेश चौरासिया | Published by  [email protected] | Date 18-08-2021
पैरालम्पिक के लिए आठ एथलीट पहुंचे टोक्यो
पैरालम्पिक के लिए आठ एथलीट पहुंचे टोक्यो

 

नई दिल्ली. ऊंची कूद एथलीट मरियप्पन थंगावेलु दो अन्य पैरा एथलीटों और छह सहायक स्टाफ पैरालम्पिक के लिए बुधवार को टोक्यो पहुंच गए. भारत ने पैरालम्पिक शुरू होने से कुछ दिन पहले ही टोक्यो के लिए अपना पहला जत्था भेजा है. मरियप्पन जिन्होंने रियो में स्वर्ण पदक जीता था, वह टोक्यो में भारत के ध्वजावाहक होंगे.

मरियप्पन के साथ डिस्कस थ्रोअर विनोद कुमार और पुरुष भाला फेंक एथलीट तेक चंद भी टोक्यो पहुंच गए हैं.

टोक्यो रवाना होने से पहले भारतीय दल को केंद्रिय युवा मामले एंव खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) के सदस्यों ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदाई दी.

गत 17अगस्त को भारतीय दल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की थी जहां उन्होंने जीवन में इतनी सारी बाधाओं को पार करने के लिए पैरा एथलीटों की सराहना की.

भारत ने टोक्यो पैरालम्पिक में अपना सबसे बड़ा दल भेजा है जिसमें 54 एथलीट भाग लेंगे. टोक्यो पैरालम्पिक का आयोजन 24 अगस्त से पांच सितंबर तक चलेगा.