कोहली से प्रेरित अर्जेंटीना की योगासन स्टार नाबिला स्वदेश में इस खेल के चमकने की उम्मीद कर रही

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-06-2026
 Nabilla hopes to make the sport shine in her home country
Nabilla hopes to make the sport shine in her home country

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 लियोनेल मेस्सी के फुटबॉल के दीवाने देश से हजारों किलोमीटर दूर पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में अर्जेंटीना की एकमात्र खिलाड़ी नाबिला ने एक दिग्गज भारतीय खिलाड़ी से प्रेरणा ली और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
 
अहमदाबाद में हुई चैंपियनशिप में पांच पदक जीतने वाली नाबिला ने कहा कि भारत के क्रिकेट सुपरस्टार विराट कोहली उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं क्योंकि उन्होंने अपने देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है।
 
नाबिला ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘वह (कोहली) यहां भारत में एक स्टार हैं और उन्होंने दुनिया भर में हर जगह देश का नाम सुर्खियों में ला दिया है। मैं उनके करियर के बारे में सोचती हूं क्योंकि वह सच में बहुत मेहनती हैं और उन्होंने आपके देश को इस मुकाम पर पहुंचाया है। यह बहुत मायने रखता है इसलिए मैं उनसे प्रेरणा लेने की कोशिश करती हूं।’’
 
जिस देश में योगासन का जन्म हुआ वहां मुकाबला करते हुए नाबिला ने माना कि वह बिना किसी बड़ी उम्मीद के आई थीं जिससे उनका पांच पदक जीतना और भी खास हो गया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह सच में हैरानी की बात थी क्योंकि यहां आते समय मुझे इतने सारे पदक जीतने की उम्मीद नहीं थी। बेशक, भारत ही वह जगह है जहां से इस खेल की शुरुआत हुई। मुझे उम्मीद थी कि वे ही पहला स्थान हासिल करेंगे। लेकिन उनके इतने करीब पहुंचना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है।’’
 
नाबिला ने कहा, ‘‘मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैंने पांच पदक जीते हैं। यह मुझे आगे बढ़ने, दूसरे लोगों को ट्रेनिंग देने और दूसरों को प्रेरित करने के अगले कदम की ओर ले जाता है।’’