Kolkata prepares for 23,000 runners, Olympic champion Joshua Cheptegei to compete in 25K for the first time
कोलकाता
10वीं टाटा स्टील वर्ल्ड 25K कोलकाता दौड़ इस बार बेहद खास होने जा रही है। दुनिया भर से 23,000 से अधिक धावक इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिनमें सबसे बड़ा आकर्षण हैं दोगुने ओलंपिक और तिगुने विश्व चैंपियन जोशुआ चेप्टेगेई।
युगांडा के सुपरस्टार चेप्टेगेई और महिलाओं की डिफेंडिंग चैंपियन सुतुमे असेफा केबेड़े दोनों ही 21 दिसंबर को होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस में अपने विश्व रैंकिंग को और बेहतर करने उतरेंगे। आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल ने इस बार एक खास घोषणा की है- यदि कोई भी धावक 1:11:08 के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ता है, तो उसे 25,000 अमेरिकी डॉलर का बोनस दिया जाएगा। कुल पुरस्कार राशि 1,42,214 अमेरिकी डॉलर है, जिसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों में समान इनाम रखा गया है। शीर्ष तीन विजेताओं को क्रमशः 15,000, 10,000 और 7,000 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जबकि आयोजन रिकॉर्ड तोड़ने पर 5,000 डॉलर का अतिरिक्त बोनस भी मिलेगा।
29 वर्षीय चेप्टेगेई, जो 10,000 मीटर में तीन बार के विश्व चैंपियन रहे हैं और रोड रेस में 5K व 10K के विश्व रिकॉर्ड अपने नाम रखते हैं, पहली बार कोलकाता में 25K दौड़ने के लिए उत्साहित हैं। वे दिल्ली हाफ मैराथन 2024 और बेंगलुरु की TCS वर्ल्ड 10K 2025 के भी विजेता रहे हैं।
पुरुष वर्ग में तंजानिया के अल्फोंस फेलिक्स सिम्बू, जो इस साल टोक्यो विश्व चैम्पियनशिप मैराथन जीतकर चर्चा में आए, चेप्टेगेई के सबसे कड़े प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकते हैं। इसके अलावा इथियोपिया के हायमानोट अलेव और लेसोथो के तेबेलो रामाकोंगुआना भी शीर्ष दावेदारों में शामिल रहेंगे।
महिला वर्ग में इथियोपियाई स्टार सुतुमे असेफा केबेड़े, जिन्होंने 2015 में 25K का विश्व रिकॉर्ड बनाया था और 2023 में कोलकाता में एक और रिकॉर्ड के साथ जीता था, हैट्रिक के लक्ष्य के साथ उतरेंगी। उनकी हमवतन और 2017 की विजेता डेगितु अज़ीमेराव उन्हें चुनौती देंगी। वहीं युगांडा की ओलंपिक फाइनलिस्ट सारा चेलंगट और केन्या की एग्नेस कीनो भी शीर्ष स्थान के लिए मुकाबले में होंगी।