जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया उस दिन से लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है: मानव सुथार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-06-2026
 everything to me since the day I started playing: Manav Suthar
everything to me since the day I started playing: Manav Suthar

 

 आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 


 
मानव सुथार के लिए टेस्ट प्रारूप क्रिकेट का ‘सर्वोच्च’ शिखर है और भारत के इस बाएं हाथ के स्पिनर ने बताया कि अपने खेल को बेहतर बनाए रखने के लिए वह आईपीएल 2026 के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास कर रहे थे।
 
तेइस साल के सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट चटकाए जिसमें पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट भी शामिल हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी से भारत ने एकमात्र टेस्ट में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
 
सुथार ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा, ‘‘जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया और जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ा, लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह खेल का सर्वोच्च शिखर है इसलिए चाहे मैं अंडर-19 क्रिकेट खेल रहा था या रणजी ट्रॉफी, मेरा लक्ष्य हमेशा भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना ही रहा। (पदार्पण के दौरान मिलने वाली) कैप देते समय कुलदीप (यादव) भाई के शब्द बहुत प्रेरणादायक थे। सभी ने मेरा बहुत हौसला बढ़ाया और प्रेरित किया इसलिए यह वाकई बहुत खास लगा।’’
 
सुथार ने कहा, ‘‘(मुख्य कोच) गौतम (गंभीर) सर और कप्तान (शुभमन गिल) ने मुझे बताया कि मैं पदार्पण करने जा रहा हूं। यह बेहद गर्व का पल था क्योंकि जब से मैंने खेलना शुरू किया था तब से यह मेरा सपना था, मेरे पिता का सपना था और हर किसी का सपना था कि मैं भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलूं।’’
 
इस साल आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले सुथार ने कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलने के मौके के लिए तैयार रहना चाहते थे और लीग के दौरान लाल गेंद से अभ्यास करते रहे।