गर्मी में क्यों जरूरी है हल्का और संतुलित खाना? जानिए क्या खाएं, क्या नहीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-07-2025
Why is it necessary to eat light and balanced food in summer? Know what to eat and what not to eat
Why is it necessary to eat light and balanced food in summer? Know what to eat and what not to eat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

गर्मियों का मौसम शरीर और पाचन तंत्र दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है. जैसे ही तापमान चढ़ता है, शरीर में पानी की कमी, थकान और अपच जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में खाने-पीने की आदतों को बदलना बेहद जरूरी हो जाता है. 
 
डॉक्टर्स और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गर्मी में भारी, तला-भुना और मसालेदार खाना न सिर्फ पचने में मुश्किल होता है, बल्कि इससे एसिडिटी और हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ जाता है.
 
क्यों जरूरी है हल्का खाना?

गर्मियों में शरीर पहले से ही तापमान से लड़ रहा होता है. अगर आप भारी और ऑयली खाना खाते हैं, तो शरीर को उसे पचाने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे शरीर में और गर्मी पैदा होती है। वहीं हल्का खाना शरीर को राहत देता है, जल्दी पच जाता है और शरीर को ठंडक देता है.
 
क्या खाएं गर्मियों में?

दही और छाछ: ये प्राकृतिक कूलेंट हैं, पाचन को ठीक रखते हैं और शरीर को ठंडक देते हैं.
 
फल और सब्जियां: तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी, आम, पपीता और नींबू जैसे फल शरीर को हाइड्रेटेड रखते हैं। लौकी, तोरी, परवल, सहजन जैसी सब्जियां हल्की और सुपाच्य होती हैं.
 
दलिया और खिचड़ी: ये न सिर्फ हल्के होते हैं बल्कि जल्दी पच भी जाते हैं और पेट को आराम देते हैं.
 
नींबू पानी और नारियल पानी: शरीर को इलेक्ट्रोलाइट्स मिलते हैं और डिहाइड्रेशन से बचाते हैं.
 
ताजा सलाद और अंकुरित अनाज: ये फाइबर में भरपूर होते हैं और शरीर को ऊर्जा भी देते हैं.
 
किन चीजों से बचें?

भारी और तला-भुना खाना: पूड़ी, पराठा, समोसे जैसी चीजें शरीर को और गर्म करती हैं और पाचन में दिक्कत पैदा करती हैं.
 
बहुत ज्यादा मसालेदार खाना: इससे पेट में जलन और गैस बन सकती है.
 
अधिक मीठा और बर्फीले ड्रिंक्स: ये तात्कालिक ठंडक जरूर देते हैं, लेकिन शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
 
कैफीन और अल्कोहल: ये शरीर में पानी की कमी पैदा कर सकते हैं.
 
गर्मी के मौसम में खाना जितना हल्का, ताजा और पौष्टिक होगा, उतना ही शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान रहेगा। थोड़ी सी सावधानी, सही खानपान और भरपूर पानी पीना गर्मी को सहजता से झेलने में मदद करता है। अगर आप अपनी डाइट में यह बदलाव करते हैं तो न सिर्फ आपका शरीर फिट रहेगा, बल्कि गर्मी भी कम महसूस होगी।