बिहार राजस्व विभाग में अधिकारियों की होगी ग्रेडिंग : उपमुख्यमंत्री सिन्हा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-12-2025
There will be grading of officers in Bihar Revenue Department: Deputy Chief Minister Sinha
There will be grading of officers in Bihar Revenue Department: Deputy Chief Minister Sinha

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

बिहार राजस्व विभाग में अधिकारियों की होगी ग्रेडिंग : उपमुख्यमंत्री सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को राजस्व विभाग में पारदर्शिता बढ़ाने का निर्देश दिया और कहा निकट भविष्य में अधिकारियों की ग्रेडिंग होगी।
 
राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री ने विभागीय कार्यालय कक्ष में राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने दाखिल–खारिज, परिमार्जन प्लस, शिकायत प्रबंधन प्रणाली, भूमि सर्वेक्षण तथा भू-लगान भुगतान जैसे प्रमुख कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
 
सिन्हा ने निर्देश दिया कि दाखिल–खारिज मामलों की तिथिवार प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन तैयार की जाए, जिसमें अंचलाधिकारी से लेकर प्रमंडलीय आयुक्त स्तर तक की स्थिति स्पष्ट हो।
 
उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में कितना कार्य हुआ है, यह दिन-प्रतिदिन की रिपोर्ट से साफ दिखना चाहिए।
 
विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार पर जोर देते हुए सिन्हा ने सभी स्तरों के अधिकारियों की ग्रेडिंग करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी संपत्ति की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों के लिए विभाग में कोई स्थान नहीं है।
 
अंचल कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उपमुख्यमंत्री ने सभी अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अधिकारियों–कर्मचारियों के नाम, पदनाम और संपर्क नंबर सहित सूचनापट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।