उच्चतम न्यायालय ने ‘बार’ सदस्यों से ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने की अपील की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-05-2026
Supreme Court appeals to Bar members to participate in online hearings
Supreme Court appeals to Bar members to participate in online hearings

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को ‘बार एसोसिएशन’ के सभी सदस्यों से मामलों की ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने की अपील की।
 
भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ भीषण गर्मी के कारण दिल्ली की सभी अदालतों को ऑनलाइन सुनवाई करने का निर्देश देने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी।
 
पीठ ने कहा, “दिल्ली में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और वरिष्ठ सदस्यों के लिए सार्वजनिक परिवहन से आना शायद सुविधाजनक न हो। ऑनलाइन सुनवाई सबसे अच्छा विकल्प है।”
 
पीठ ने कहा, “हम याचिकाकर्ता द्वारा की गई पहल की सराहना करते हैं। हालांकि, सदस्यों को होने वाली कठिनाइयों को जाने बिना उन्हें ऑनलाइन पेश होने का न्यायिक आदेश जारी करना उचित नहीं होगा इसलिए शीर्ष अदालत कोई निर्देश जारी न करना हम उचित समझते हैं।”
 
उच्चतम न्यायालय ने हालांकि बार के सभी सदस्यों से अदालती कार्यवाही में ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित होने की अपील की।
 
प्रधान न्यायाधीश ने 21 मई को कहा था कि उन्होंने देश भर के सभी उच्च न्यायालयों को ऑनलाइन सुनवाई करने का निर्देश दिया है और उनमें से अधिकतर ने इसे पहले ही लागू कर दिया है।