उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स, निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-11-2025
Sensex, Nifty close marginally higher in volatile trade
Sensex, Nifty close marginally higher in volatile trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
स्थानीय शेयर बाजार शुक्रवार को शुरुआती गिरावट से उबरकर मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 84 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 31 अंक की तेजी रही।
 
निवेशकों ने निचले स्तर पर प्रमुख कंपनियों के शेयरों में खरीदारी की, जिससे बाजार बढ़त में रहा।
 
कारोबार की शुरुआत में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 449.35 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,029.32 पर खुला। एनएसई निफ्टी 138.35 अंक या 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,740.80 पर खुला।
 
हालांकि, दोनों प्रमुख सूचकांकों ने बाद में सुधार दर्ज किया और लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बंद हुए।
 
बीएसई सेंसेक्स 84.11 अंक यानी 0.10 प्रतिशत बढ़कर 84,562.78 पर और एनएसई निफ्टी 30.90 अंक यानी 0.12 प्रतिशत चढ़कर 25,910.05 पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, सन फार्मास्युटिकल्स, एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, पावरग्रिड और बजाज फिनसर्व बढ़कर बंद हुए।
 
दूसरी ओर इन्फोसिस, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी इंडिया और लार्सन एंड टुब्रो नुकसान में बंद हुए।
 
एसबीआई सिक्योरिटीज के तकनीकी अनुसंधान और वायदा-विकल्प प्रमुख सुदीप शाह ने कहा, ''निवेशकों का ध्यान आगामी आरबीआई एमपीसी (मौद्रिक नीति समिति) और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की एफओएमसी बैठकों पर है। इसलिए उन्होंने फिलहाल इंतजार करना बेहतर समझा।''
 
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
 
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 383.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,091.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
 
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 63.93 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।