सेन्को गोल्ड का मुनाफा चौथी तिमाही में 151 प्रतिशत के उछाल के साथ 157 करोड रुपये पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-05-2026
Senco Gold's profit jumps 151% to Rs 157 crore in the fourth quarter
Senco Gold's profit jumps 151% to Rs 157 crore in the fourth quarter

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
सेन्को गोल्ड लि. का मार्च, 2026 समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 151 प्रतिशत बढ़कर 157 करोड़ रुपये रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 62 करोड़ रुपये था।
 
तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय भी 45 प्रतिशत बढ़कर 1,997 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,378 करोड़ रुपये थी। वहीं कर-पूर्व-आय (एबिटा) दोगुना से अधिक होकर 274 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। एबिटा मार्जिन 9.2 प्रतिशत से बढ़कर 13.7 प्रतिशत हो गया।
 
कंपनी के अनुसार, चौथी तिमाही में खुदरा बिक्री 1,731 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची। इसमें विवाह सीजन की मजबूत मांग, ‘वैलेंटाइन डे’ के दौरान उपहारों की खरीदारी और पुराने सोने को बदलने के कार्यक्रम का बड़ा योगदान रहा। पुराने सोने को बदलने के कार्यक्रम से कुल तिमाही राजस्व का लगभग 50 प्रतिशत प्राप्त हुआ।
 
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुवांकर सेन ने कहा कि सोने की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के बावजूद उपभोक्ता मांग मजबूत बनी हुई है। ग्राहक अब हल्के वजन और कम कैरेट वाले आभूषणों को अधिक पसंद कर रहे हैं।
 
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय 8,430 करोड़ रुपये रही, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वार्षिक शुद्ध लाभ 261 प्रतिशत बढ़कर 574 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का एबिटा 164 प्रतिशत बढ़कर 969 करोड़ रुपये रहा।
 
विस्तार योजना के तहत कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 26 नए शोरूम शुरू किए, जिसके बाद कुल शोरूम की संख्या बढ़कर 201 हो गई। पूर्वी भारत के बाहर से कंपनी का राजस्व 1,600 करोड़ रुपये से अधिक रहा।
 
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 में 18 से 20 नए शोरूम खोलने और लगभग 20 प्रतिशत राजस्व वृद्धि हासिल करने का लक्ष्य रखा है।