आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आत्मनिर्भरता पर जोर दिया और ‘रेवड़ी’ (मुफ्त के उपहारों की) संस्कृति को हतोत्साहित करते हुए कहा कि हमारा मॉडल ऐसा होना चाहिए, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाये।
योगी आदित्यनाथ लखनऊ में प्रोजेक्ट गंगा (विकास और उन्नति के लिए सरकारी सहायता प्राप्त नेटवर्क) की शुरुआत करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा,‘‘हमारा मॉडल ऐसा होना चाहिए, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाए। सरकार पर उसकी निर्भरता न्यूनतम होनी चाहिए। ‘रेवड़ी संस्कृति’ के तहत सबकुछ बांटने के बजाय, अगर हम इसे आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएं, तो एक टिकाऊ मॉडल होगा। हमें उस टिकाऊ मॉडल को आगे बढ़ाने के लिए काम करना होगा।’’
उन्होंने कहा कि ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी को न्याय पंचायतों तक ले जाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड सुविधा देने का मतलब है ग्राम पंचायतों को ‘स्मार्ट विलेज’ के रूप में विकसित करना।’’
उत्तर प्रदेश राज्य ट्रांसफार्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘प्रोजेक्ट गंगा को शुरुआत में उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में लागू किया गया है।’’
इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंटरनेट जितना तेज होगा, विकास की गति उतनी ही तेज होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि ब्रॉडबैंड आज एक आवश्यकता है। इंटरनेट जितना तेज होगा, विकास की गति उतनी ही तेज होगी और दिखाई देगी। लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन दिखाई देंगे।’’