राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के लिए 5 जुलाई को पटना जाएंगी मुर्मू

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 02-07-2022
राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के लिए 5 जुलाई को पटना जाएंगी मुर्मू
राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के लिए 5 जुलाई को पटना जाएंगी मुर्मू

 

पटना.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को चुनाव प्रचार के लिए बिहार आने वाली हैं. मुर्मू विभिन्न राजनीतिक दलों के विधायकों और सांसदों से मिलेंगी और उनका समर्थन हासिल करने का प्रयास करेंगी.

जहां जद-यू और हम पहले ही उन्हें समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं, वहीं राजद, वाम दल और कांग्रेस उनके विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रहे हैं. बिहार में उनके लिए अधिकतम वोट हासिल करने की रणनीति बनाने के लिए बिहार के एनडीए नेता संयुक्त बैठक कर सकते हैं.

संसद और राज्य विधानसभाओं के सदस्य राष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल हैं. बिहार के राज्यसभा और लोकसभा सदस्यों और विधायकों का कुल मत मूल्य (वोट वैल्यू) 81,239 है, जिसमें विधायकों के पास 42,039 और दोनों सदनों के सांसदों के 39,200 मत हैं.

बिहार के एक विधायक के वोट का मूल्य 173 है जबकि लोकसभा या राज्यसभा के सदस्यों के वोट का मूल्य 700 है. 23 लोकसभा सदस्यों और 77 विधायकों के साथ भाजपा का वोट मूल्य सबसे अधिक 28,721 है.

47 विधायकों और 16 लोकसभा सांसदों के साथ जद (यू) का वोट मूल्य 22,485 है। 80 विधायकों के साथ राजद का वोट मूल्य 17,340 वोट है और कांग्रेस के पास 19 विधायकों के साथ 4687 वोट मूल्य है.

वाम दलों के पास 16 विधायकों के साथ 2,768 और एआईएमआईएम के पास एक विधायक के साथ 173 वोट मूल्य है. मुर्मू ने शुक्रवार को हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की.