गोवा
भारत के पश्चिमी तटीय पर्यटन राज्य गोवा में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अरब सागर के किनारे स्थित एक लोकप्रिय नाइट क्लब में अचानक लगी भीषण आग में 23 लोगों की जान चली गई। मृतकों में पर्यटक और क्लब के कर्मचारी दोनों शामिल हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से बीबीसी ने बताया है कि यह हादसा ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नामक नाइट क्लब में हुआ, जो उत्तरी गोवा के अरपोरा क्षेत्र स्थित बागा बीच पर बना हुआ है। बागा बीच गोवा के सबसे भीड़भाड़ और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत क्लब के रसोईघर से हुई, जहां गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई और रसोई, पहली मंजिल और आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
राज्य पुलिस के अनुसार, अधिकांश शव रसोईघर और उसके नजदीकी क्षेत्रों से मिले हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि बड़ी संख्या में मृतक क्लब के कर्मचारी थे। इसके अलावा, 3 से 4 पर्यटकों के शव भी बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
रविवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे गोवा पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने बताया,“आग मुख्य रूप से रसोई और पहली मंजिल तक सीमित रही। ज़्यादातर मृतक कर्मचारी लगते हैं। कुछ पर्यटकों की भी मौत हुई है। उनके नाम और पहचान की पुष्टि की जा रही है।”
उन्होंने यह भी बताया कि बचाव और खोज अभियान रविवार सुबह तक जारी रखा जाएगा।उधर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।






.png)