India's third indigenous nuclear submarine to be inducted into the Navy soon: Navy Chief
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने मंगलवार को कहा कि भारत अपनी परमाणु त्रयी क्षमता के नौसैनिक घटक को मजबूत कर रहा है तथा तीसरी स्वदेशी परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बी 'अरिदमन' को जल्द ही नौसेना में शामिल किया जाएगा। नौसेना प्रमुख ने साथ ही कहा कि उनका बल अपनी समग्र युद्ध क्षमता को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
नौसेना दिवस से पहले एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि प्रोजेक्ट 75 इंडिया (पी75-आई) के तहत छह स्टील्थ पनडुब्बियों के प्रस्तावित अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने वाली है।
उन्होंने कहा कि नौसेना को 26 राफेल-एम लड़ाकू विमानों में से पहले चार विमान 2028 में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने इन विमानों की खरीद के लिए अप्रैल में फ्रांस के साथ 64,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था।
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि मई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बल के आक्रामक रुख के कारण पाकिस्तानी नौसेना को अपने बंदरगाहों के करीब रहने पर मजबूर होना पड़ा।
एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के साथ तनाव के बाद पिछले सात-आठ महीनों में पश्चिमी अरब सागर सहित अन्य क्षेत्रों में उच्च परिचालन तत्परता बनाए रखी है।
नौसेना प्रमुख ने बिना विस्तार में जाए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ‘‘अभी भी जारी है।’’
एडमिरल त्रिपाठी ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आक्रामक रुख और तत्काल कार्रवाई, जिसमें वाहक युद्ध समूह की तैनाती भी शामिल थी, ने पाकिस्तानी नौसेना को अपने बंदरगाहों या मकरान तट के पास रहने के लिए मजबूर कर दिया।’’