विजयन के आवास पर ईडी की छापेमारी ‘राजनीति से प्रेरित’ : माकपा महासचिव एम ए बेबी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-05-2026
ED raid at Vijayan's residence 'politically motivated': CPI(M) general secretary M A Baby
ED raid at Vijayan's residence 'politically motivated': CPI(M) general secretary M A Baby

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य के आवासों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ है। उन्होंने इसे ‘‘घृणित हमला’’ करार दिया।

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बेबी ने कहा कि माकपा जनता के सामने साबित करेगी कि यह तलाशी ‘‘राजनीतिक उद्देश्य’’ से ली गयी है।
 
उन्होंने मीडिया में आयी खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्तमान मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों को भी कथित तौर पर कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से धन मिला था और उसकी भी जांच होनी चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम माकपा या विजयन को डरा नहीं पाएंगे और ‘‘जिस किसी ने भी ऐसा सोचा है, वह पार्टी या उसके नेता को अच्छी तरह से नहीं जानता है।’’
 
माकपा नेता बेबी ने विजयन के अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान जब विजयन विधायक थे, तब उन्हें गिरफ्तार किया गया था और उन्हें पुलिस की बर्बर मारपीट का सामना करना पड़ा था।
 
आम आदमी पार्टी के नेताओं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ हुई कार्रवाई का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (विजयन) और माकपा ने कई बार ऐसे दौर का सामना किया है। कांग्रेस सरकार ने हम पर विदेशी जासूस होने का आरोप लगाकर निशाना साधने की कोशिश की। अब नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नव-फासीवादी सरकार डराकर (विपक्षी) राजनीतिक दलों को खत्म करने की कोशिश कर रही है।’’
 
बेबी ने यह भी कहा कि कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के प्रमुख नेता सार्वजनिक रूप से सवाल उठाते रहे हैं कि केंद्रीय एजेंसियां विजयन के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहीं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि इन छापों के बाद वे खुश हैं या नहीं।’’