ED raid at Vijayan's residence 'politically motivated': CPI(M) general secretary M A Baby
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य के आवासों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ है और उन्होंने इसे ‘‘घृणित हमला’’ करार दिया।
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बेबी ने कहा कि माकपा जनता के सामने साबित करेगी कि ये तलाशी ‘‘राजनीतिक उद्देश्य’’ से ली गयी है।
उन्होंने मीडिया में आयी खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्तमान मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों को भी कथित तौर पर कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से धन मिला था और उसकी भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम माकपा या विजयन को डरा नहीं पाएंगे और ‘‘जिस किसी ने भी ऐसा सोचा है, वह पार्टी या उसके नेता को अच्छी तरह से नहीं जानता है।’’
माकपा नेता बेबी ने विजयन के अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान जब विजयन विधायक थे, तब उन्हें गिरफ्तार किया गया था और उन्हें पुलिस की बर्बर मारपीट का सामना करना पड़ा था।
बेबी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छापेमारी के राजनीतिक संदर्भ पर सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा, ‘‘क्या केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ इस छापेमारी में शामिल है?’’ उन्होंने संकेत दिया कि इस पूरे घटनाक्रम में संभावित राजनीतिक समन्वय की जांच होनी चाहिए।