CPI(M) General Secretary Baby lashes out at Telangana Chief Minister over Hitler remark
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की हिटलर संबंधी टिप्पणी को लेकर उन पर तीखा हमला किया और उन पर ‘बुलडोजर राजनीति’ करने का आरोप लगाया।
बेबी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की आलोचना की। उन्होंने रेड्डी को लेकर कहा कि उनकी टिप्पणियां ‘‘संघ परिवार की वैचारिक रुचियों’’ की प्रतिध्वनि हैं।
माकपा नेता बेंगलुरु में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में रेवंत रेड्डी द्वारा की गई उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने राज्य की आपदा मोचन और परिसंपत्ति संरक्षण एजेंसी ‘हाइड्रा’ को नाजी तानाशाह एडॉल्फ हिटलर से प्रेरित बताया था।
बेबी ने कहा, ‘‘तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने संभवतः मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की कहानी को इतिहास के साथ मिला दिया है, लेकिन हिटलर के प्रति उनके सम्मानभाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एडोल्फ हिटलर और उसके नरसंहारक दस्तों की प्रशंसा करके तथा अपनी प्रवर्तन एजेंसी द्वारा की गई कार्रवाई पर प्रसन्नता जताकर वह निस्संदेह संघ परिवार की उन वैचारिक रुचियों को दोहरा रहे हैं, जिनसे उनका पुराना संबंध रहा है।’’
बेबी ने ‘हाइड्रा’ द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की जा रही ध्वस्तीकरण कार्रवाइयों की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कार्रवाइयों का असमान रूप से गरीबों और वंचित वर्गों पर असर पड़ रहा है तथा इन्हें कानूनी प्रक्रियाओं की अनदेखी कर अंजाम दिया जा रहा है।