ब्रिक्स बैठक में खाद्य सुरक्षा, कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा जारी : अधिकारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-06-2026
enhancing cooperation in agriculture sector: Official
enhancing cooperation in agriculture sector: Official

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह की इंदौर में जारी बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन से खेती पर पड़ने वाले असर और कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। भारत के कृषि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में यह बैठक मंगलवार से ही शुरू हुई है जिसके पहले दौर में इस प्रमुख अंतर-सरकारी संगठन के सदस्य देशों के अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
 
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) अजीत कुमार साहू ने संवाददाताओं को बताया,‘‘बैठक में ब्रिक्स देशों के कृषि क्षेत्र के साझा मुद्दों पर चर्चा की जा रही है ताकि आपसी सहयोग बढ़ाया जा सके और खासकर किसानों की समस्याएं मिलकर सुलझाई जा सकें। इनमें जलवायु परिवर्तन का खेती पर प्रभाव और कृषि क्षेत्र के वित्तपोषण जैसे मुद्दे शामिल हैं।’’
 
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स से जुड़े देशों में दुनिया की लगभग आधी आबादी निवास करती है, लिहाजा इन देशों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और इसे भविष्य में भी बरकरार रखना चर्चा का एक महत्वपूर्ण साझा विषय है।
 
साहू ने कहा,‘‘खेती के कारण खाद्य सुरक्षा और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित होती है। इसलिए खेती का विकास जरूरी है।’’
 
उन्होंने बताया कि बैठक में ब्रिक्स देशों में कृषि प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान और व्यापार बढ़ाने के विषयों पर भी चर्चा की जा रही है।
 
साहू ने बताया कि ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह की
 
अधिकारियों के स्तर पर जारी तीन दिवसीय बैठक 11 जून तक चलेगी।
 
उन्होंने बताया कि इससे पहले कृषि कार्य समूह के चार सत्रों के तहत लगभग आठ बैठकें हो चुकी हैं और इंदौर में शुरू हुआ यह पांचवां सत्र प्रत्यक्ष (फिजिकल) स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है।