पैगंबर पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में भाजपा विधायक राजा सिंह निलंबित

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 23-08-2022
पैगंबर पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में भाजपा विधायक राजा सिंह निलंबित
पैगंबर पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में भाजपा विधायक राजा सिंह निलंबित

 

आवाज द वॉयस / नई दिल्ली

इस्लाम के आखिरी पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी से भड़के विवाद के बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को निलंबित कर दिया.

साथ ही पार्टी ने उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्हें 10दिन का समय दिया गया है कि उन्हें निष्कासित क्यों न किया जाए.इससे पहले सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कल रात हैदराबाद में विरोध प्रदर्शनों के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

सोमवार रात शहर के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद के कार्यालय और हैदराबाद के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुआ.ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायकों और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के नगरसेवकों ने सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

सिंह के खिलाफ धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने, जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्यों से संबंधित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.