भगवंत मान ने अपने मंत्रियों के नामों का किया ऐलान

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 19-03-2022
भगवंत मान ने अपने मंत्रियों के नामों का किया ऐलान
भगवंत मान ने अपने मंत्रियों के नामों का किया ऐलान

 

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने शुक्रवार को अपने मंत्रिपरिषद के नामों की घोषणा की. ये मंत्री शनिवार सुबह शपथ लेंगे. मंत्रिमंडल में 17 की जगह है, लेकिन पार्टी फिलहाल 10 मंत्रियों को शामिल करने जा रही है.

मान ने ट्विटर पर नए मंत्रिमंडल की घोषणा की. ये मंत्री हैं- हरपाल चीमा (दिरबा), बलजीत कौर (मलोट), हरभजन सिंह (जंडियाला), विजय सिंगला (मनसा), लाल चंद कटारुचक (भोआ), गुरमीत सिंह मीत हेयर (बरनाला), कुलदीप सिंह धालीवाल (अजनाला), लालजीत सिंह भुल्लर (पट्टी), ब्रह्म शंकर (होशियारपुर), और हरजोत सिंह बैंस (आनंदपुर साहिब).

हैरानी की बात यह है कि चुनाव में सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करने वाले सुनाम विधायक अमन अरोड़ा को मंत्रियों की पहली सूची में शामिल नहीं किया गया है. जबकि चीमा और मीत हेयर दूसरी बार विधायक बने हैं, अन्य सभी पहली बार विधायक चुने गए हैं.

कोटकपूरा के विधायक कुलतार सिंह संधवान के विधानसभा अध्यक्ष होने की संभावना है. शनिवार को चंडीगढ़ में सुबह 11 बजे मंत्रियों को शामिल करने का कार्यक्रम है. आप ने विधानसभा की 117 में से 92 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की. सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2017 में 77 सीटें जीती थीं, मगर इस बार 18 पर सिमट गई.