अगले साल 3000 महिलाएं अकेली जाएंगी हज, नकवी 21 को करेंगे बड़ा ऐलान

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 10-10-2021
तीन हजार महिलाएं बिना पुरूष हज 2022 पर जाने को तैयार
तीन हजार महिलाएं बिना पुरूष हज 2022 पर जाने को तैयार

 

मलिक असगर हाशमी /नई दिल्ली
 
तीन हजार से ज्यादा  महिलाएं बिना पुरुष 2022 में होने वाले हज पर जाने को तैयार हैंे. इसके लिए उनकी ओर से आवेदन किए गए हैं. यह संख्या और भी बढ़ सकती है. आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही मेहरम के बिना आवेदन करने वाली महिलाओं की संख्या में भारी इजाफा का अनुमान लगाया जा रहा है.
 
एक आंकड़े के अनुसार, मैहरम (पुरुष रिश्तेदार) के बिना 837 से अधिक महिलाओं ने हज 2021 के लिए आवेदन किया था. हज 2020 के लिए मेहरम के बिना 2100 से ज्यादा महिलाओं ने हज के लिए आवेदन किया.
 
अब ये महिलाएं हज 2022 पर जा सकेंगी. पुरुष के बिना हज पर जाने के लिए हज 2020 और हज 2021 के लिए आवेदन करने वाली महिलाएं भी हज 2022 के लिए पात्र होंगी. वहीं, 2022 के लिए नए आवेदकों को भी ड्रॉ में शामिल किया जाएगा.
 
मुख्तार अब्बास ने ली समीक्षा बैठक

केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हज हाउस मुंबई में भारत की हज समिति के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हज 2022 की तैयारियों पर चर्चा की.इससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की गई.
 
यहां आधिकारिक तौर पर बताया गया कि, हज समिति की आगामी बैठक में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन मंत्रालय, सऊदी अरब में भारत के राजदूत, जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत के अधिकारी शामिल होंगे. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि मोख्तार अब्बास नकवी हज को लेकर कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं.
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी को देखते हुए सऊदी अरब सरकार के निर्णय के आधार पर 2020 और 2021 में हज करना संभव नहीं था. इसलिए हज 2022 की घोषणा अब 21 अक्टूबर को नई दिल्ली में विभिन्न विभागों से विचार-विमर्श के बाद समीक्षा बैठक में की जाएगी.
 
कोरोना प्रोटोकॉल में होगा हज

मुख्तार अब्बास नकवी ने आगे कहा कि भारत और सऊदी अरब में हज 2022 पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए कोरोना प्रोटोकॉल, स्वास्थ्य और स्वच्छता के संबंध में विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के बाद भारत से ज्यादातर लोग हज पर जाते हैं.
 
हज 2022 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल होगी. अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हज हाउस मुंबई में इस प्रक्रिया का उद्घाटन किया.
 
इनपुट : सोशल मीडिया